गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव में अभूतपूर्व शोभायात्रा निकाली गयी! (फोटो सहित)

जालंधर: श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव के सम्बन्ध में श्री पंचायती अखाड़ा निर्मला, कनखल द्वारा श्रीमहंत स्वामी ज्ञानदेव सिंह जी के निर्देशन में 18 अक्टूबर, 2019 को एक भव्य नगर-कीर्तन (शोभायात्रा) का आयोजन किया गया, जो डेरा संतपुरा, जबड़, ज़िला जालंधर से शुरू होकर लगभग 70 किलोमीटर की यात्रा करता हुआ ऐतिहासिक नगर सुल्तानपुर लोधी में पहुँच कर समाप्त हुआ।

श्री गुरु ग्रन्थ साहिब जी को सुन्दर ढंग से सजाई हुई एक विशेष बस में विराजमान किया हुआ था, जिस के आगे एक गाड़ी में पंच-प्यारे सुशोभित थे। श्री पंचायती अखाड़ा निर्मला, कनखल के अध्यक्ष श्रीमहंत स्वामी ज्ञानदेव सिंह जी श्री गुरु ग्रन्थ साहिब जी की सवारी के पीछे एक खुली गाड़ी में चल रहे थे। उनके पीछे अनेक गाड़ियों में निर्मले तथा अन्य साधु-संत नगर-कीर्तन की शोभा बढ़ा रहे थे। उसके बाद श्रद्धालुओं की अनेक गाड़ियां शोभायात्रा में चल रहीं थीं। गतका पार्टी और बैंड वालों ने भी पूरी सजधज से इस में हिस्सा लिया।

रास्ते में जगह-जगह सभी सम्प्रदायों और पन्थों के लोगों ने बहुत श्रद्धा और प्रेम से नगर-कीर्तन का स्वागत किया। जगह-जगह पर लंगर, चाय, और फल आदि से नगर-कीर्तन में शामिल श्रद्धालुओं की सेवा की गई।

इस नगर-कीर्तन में तख़्त श्री केसगढ़ साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह जी, सन्त दविन्दर सिंह शास्त्री (सचिव), सन्त जसविंदर सिंह शास्त्री (कोठारी), सन्त दिलावर सिंह ब्रह्म, सन्त दविन्दर सिंह शहाबपुर, सन्त बलबीर सिंह सीचेवाल, सन्त दर्शन सिंह शास्त्री, महन्त प्यारा सिंह बरनाला, सन्त हरदेव सिंह संगरिया (राजस्थान) वाले, स्वामी जगराज सिंह लोपों, सन्त बलविंदर सिंह (स्वामी वामदेव विरक्त मंडली), सन्त तेजा सिंह खुड्डे वाले, सन्त गुरचरण सिंह बढ्डों, सन्त गुरचरण सिंह पंडवां, सन्त मखन सिंह टूटो मजारा, सन्त अनूप सिंह, सन्त सुखवंत सिंह जालंधर, सन्त हरजिंदर सिंह चाय वाले, सन्त भगवंत भजन सिंह दकोहा, सन्त ऋषिराज सिंह, सन्त गगनदीप सिंह जन्डाली, स्वामी अमृत पाल सिंह ‘अमृत’ समेत अनेक साधु-सन्त शामिल हुये।